प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना जिले के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बना रही है।

आगर निवासी श्री गब्बू गवली को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा थी, परन्तु पूंजी के अभाव में वे आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। उन्हें उद्योग विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली। कम ब्याज दर एवं गारंटी मुक्त ऋण सुविधा से प्रेरित होकर उन्होंने जिला उद्योग केंद्र आगर को तिरुपति कलेक्शन व्यवसाय के लिए आवेदन किया। प्रकरण स्वीकृत होने पर नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक, आगर-मालवा से उन्हें 8.00 लाख रुपये का ऋण मिला। ऋण राशि से उन्होंने अपना प्रतिष्ठान स्थापित किया।

आज वे सफलतापूर्वक व्यवसाय का संचालन कर अपना और अपने परिवार का जीवन-यापन सुचारू रूप से कर रहे हैं। श्री गवली ने योजना के तहत मिली आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए आभार जताया है।