बुरहानपुर जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने वाले कारगर अभियान के रूप में सामने आ रहा है। अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन सीधे ग्रामीणों के बीच तक पहुंच रहा है, जिससे समस्याओं का समाधान सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से हो रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के तहत ग्राम पंचायत जसौन्दी एवं ग्राम अंबाडा में शिविर आयोजित किए गए। ग्राम जसौन्दी में आयोजित शिविर, ग्रामीण डोंगरिया चौबेकर के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया।
शिविर में हितग्राही के पुत्र द्वारा प्रशासन को संबल कार्ड संबंधी समस्या के बारें में बताया गया, श्रम विभाग द्वारा समस्या को तत्काल संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्यवाही की गई और मौके पर ही समस्या का समाधान किया गया। अब वे योजना के तहत मिलने वाले शासकीय लाभों के लिए पात्रता के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
इसी कड़ी में हितग्राही समोती बाई अपनी पेंशन संबंधी समस्या लेकर शिविर में पहुंची। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि पात्र होने के बावजूद भी उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा समस्या पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उनका नाम संबंधित पेंशन योजना में जोड़ा गया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं को सुनने, समझने और उनका समाधान करने की संवेदनशील पहल बन रहा है। शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है और इसी के साथ आमजन में शासन के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हो रहा है।



