मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री के निर्माण एवं विक्रय को रोकने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार आकस्मिक जांच के चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत आज सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटलों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दीनदयाल बस स्टैंड स्थित होटल बगलामुखी, होटल माई की रसोई एवं शंकर होटल की जांच की। सभी होटलों में गंदगी युक्त वातावरण में भोजन एवं नाश्ता बनाते हुए पाए गए। होटल बगलामुखी से समोसे एवं कचौड़ी के सैंपल लिए गए है। दुकानदारों को साफ सफाई रखने एवं स्वच्छ स्थिति में भोजन बनाने, संग्रह एवं विक्रय करने के निर्देश दिए गए तथा निर्देशों का पालन न होने की स्थिति में दंडात्मक कारवाई की चेतावनी दी गई।

इसी क्रम में जयंती कॉम्प्लेक्स के पास स्थित दरबार रेस्टोरेंट का निरीक्षण भी किया गया। रेस्टोरेंट के किचन एवं स्टोर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। ड्रेनेज में सफाई नहीं होने से पूरे परिसर में बदबू पाई गई। स्टोरेज एवं किचन में जगह जगह कॉकरोच घूमते हुए मिले। रेस्टोरेंट को नियमानुसार धारा 32 का नोटिस दिया जा रहा है। सुधार नहीं किए जाने पर लाइसेंस सस्पेंड कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यहां से पनीर का सैंपल जांच हेतु लिया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गए सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।