हमें कचरा कल्चर की मानसिकता से उबरकर स्वच्छता को अपनी नैतिक जिम्मेदारी बनाना होगा। यह ऐसा कार्य है जिसे दूसरों पर नहीं छोड़ा जा सकता, बल्कि इसमें स्वयं सहभागी बनना होगा। ये विचार जबलपुर नगर निगम के महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्‍नू ने भोपाल द्वारा आयोजित ' विकसित भारत 2047 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन ' विषयक एक दिवसीय मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम में व्यक्त किए।

महापौर श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर आज देश में कचरा निपटान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और अन्य शहरों को नई राह दिखा रहा है। यहाँ भोपाल और प्रयागराज तक से अपशिष्ट निस्तारण के लिए आता है, जिसकी सराहना दुबई कॉन्फ्रेंस में भी हो चुकी है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शहर के जागरूक नागरिकों की बढ़ती सहभागिता को दिया।

खास बातें

  • महापौर श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर आज देश में कचरा निपटान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और अन्य शहरों को नई राह दिखा रहा है।
  • कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में नगर निगम के अपर आयुक्त श्री देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि औसतन प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 300 से 400 ग्राम कचरा उत्पन्न करता है।
  • तकनीकी सत्रों के दौरान स्वच्छता समन्वयक श्री गणेश राम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के तहत जबलपुर में हुए कार्यों की प्रगति साझा की।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में नगर निगम के अपर आयुक्त श्री देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि औसतन प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 300 से 400 ग्राम कचरा उत्पन्न करता है। आज तकनीक के माध्यम से कचरा प्रबंधन केवल चुनौती नहीं, बल्कि आर्थिक संबल का जरिया बन चुका है। नगर निगम जबलपुर इस जिम्मेदारी को पूरी कुशलता से निभाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।

प्रारंभ में पीआईबी भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम ने केंद्र सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले वार्तालाप कार्यक्रमों के उद्देश्य एवं पीआईबी की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।

तकनीकी सत्रों के दौरान स्वच्छता समन्वयक श्री गणेश राम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के तहत जबलपुर में हुए कार्यों की प्रगति साझा की। वहीं, कृषि विभाग की उप परियोजना निदेशक श्रीमती सीमा सराफ ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी श्री संदीप चौकसे ने किया तथा आभार प्रदर्शन पीआईबी के सहायक निदेशक श्री अजय प्रकाश उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन व नगर निगम के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।