देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद स्वर्गीय आशीष शर्मा की स्मृति में मधुवन (मोतिया तालाब) बोहानी में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद चौधरी दर्शन सिंह एवं विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल (मुलायम भैया) ने सहभागिता करते हुए शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में पौधरोपण किया और उनकी अमर शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग, साहस और देशभक्ति हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और आने वाली पीढ़ियों तक उनकी गौरवगाथा पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। शहीद की स्मृति में लगाया गया यह केवल एक पौधा नहीं, बल्कि उनकी वीरता, त्याग और अमर स्मृति का प्रतीक है।

खास बातें

  • उनका त्याग, साहस और देशभक्ति हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
  • कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
  • उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा शहीदों की स्मृतियों और उनके आदर्शों को सदैव जीवंत रखने का संकल्प लिया।

जिस प्रकार यह वृक्ष समय के साथ विकसित होकर आने वाली पीढ़ियों को छाया और जीवन प्रदान करेगा, उसी प्रकार शहीद आशीष शर्मा की शहादत की प्रेरणा सदैव लोगों के हृदयों में जीवित रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा शहीदों की स्मृतियों और उनके आदर्शों को सदैव जीवंत रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शहीद आशीष शर्मा के पिता श्री देवेंद्र शर्मा, स्वामी श्री श्री 1008 राम हृदय दास जी महाराज, श्री राहुल कौरव, श्री राव वीरेंद्र सिंह, श्री हरिप्रताप ममार, श्री पुनीत त्यागी, सरपंच श्रीमती किरण शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।