मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वाधान में संचालित “ माटी गणेश सिद्ध गणेश अभियान-2026 ” के अंतर्गत विकासखंड चांवरपाठा में विभिन्न स्तरों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा में सृजन योजना के तहत “ आओ बनाएं अपने हाथ, अपनी माटी के गणेश ” विषय पर विकासखंड स्तरीय कार्यशाला तथा सेक्टर डोभी अंतर्गत ग्राम खामघाट में सेक्टर स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई।

विकासखंड स्तरीय कार्यशाला में नर्मदा समग्र से श्री महेंद्र कौरव ने प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण के महत्व एवं अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। विकासखंड स्तरीय कार्यशाला में विकासखंड की नवांकुर संस्थाओं श्री स्वामी साधना सेवा समिति बिल्थारी एवं भारद्वाज जन कल्याण समिति ईश्वरपुर, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति चांवरपाठा के प्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाताओं, बीएलडब्ल्यू/एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं एवं नवांकुर सखियों ने सहभागिता की।

इसी क्रम में ग्राम खामघाट में आयोजित सेक्टर स्तरीय कार्यशाला में श्री स्वामी साधना सेवा समिति बिल्थारी के संस्था समन्वयक श्री बाबूलाल नौरिया, भारद्वाज जन कल्याण समिति ईश्वरपुर के संस्था समन्वयक श्री कमलस्वरूप शर्मा, मेंटर्स श्री रामभजन केवट एवं श्री आदित्य कौरव सहित नवांकुर सखियों, विद्यार्थियों एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों ने सहभागिता की।

दोनों कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। ग्राम खामघाट में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सचिव श्री नर्मदा नौरिया एवं नवांकुर सखियों द्वारा अपने हाथों से मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ जलस्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण में भी सहायक हैं।

कार्यशालाओं के दौरान प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक परिवारों, विद्यार्थियों, नवांकुर संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव मनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया।