विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता तथा जल, जंगल और जमीन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत बाल मोगली उत्सव-2026 के तहत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नरसिंहपुर में किया गया।
कार्यक्रम जिला मॉनिटरिंग समिति के सदस्य श्री अमितेंद्र नारोलिया के मुख्य आतिथ्य तथा समाजसेवी श्री विक्रांत पटेल, श्री शैलेन्द्र शर्मा (सिंहपुर बड़ा), श्री मुकेश शर्मा एवं श्री केदार पटेल (रमखिरिया) के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में जिले के सभी छह विकासखंडों से चयनित कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कनिष्ठ वर्ग में कृतिका कौरव और हार्दिक दुबे प्रथम
कनिष्ठ वर्ग में कृतिका कौरव, शासकीय नवीन माध्यमिक शाला छेनाकछार तथा हार्दिक दुबे, शासकीय नवीन माध्यमिक शाला पचामा, विकासखंड चीचली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में कृष्णा सोनी एवं अंजली साहू, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं आगामी राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में नरसिंहपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश शर्मा एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी श्री विक्रम शर्मा के संयोजन एवं मार्गदर्शन में किया गया।
आयोजन में प्रभारी प्राचार्य श्रीमती पुष्पा दुबे सहित निर्णायक मंडल की श्रीमती माया पटेल, श्रीमती ममता शर्मा, श्रीमती रंजना दौरसिया, श्रीमती स्मृति श्रीवास्तव एवं श्रीमती माधुरी गर्ग ने सक्रिय सहयोग दिया। बाल मोगली उत्सव के श्री आनंद नेमा, क्विज मास्टर श्री अक्षय शर्मा तथा तकनीकी सहयोगी नम्रता गुप्ता, राशि गुप्ता एवं श्रीमती रुचि चौबे ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक उदेनिया एवं श्रीमती माया पटेल ने किया।




