आगामी सार्वजनिक दुर्गा उत्सव के दृष्टिगत नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर द्वारा समस्त सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समितियों एवं टेंट/पंडाल संचालकों को महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर द्वारा बताया गया है कि टेंट एवं पंडाल स्थापित करने के लिए पाईप, खंबे अथवा अन्य संरचना लगाने हेतु की जाने वाली खुदाई के दौरान नगरपालिका की जल प्रदाय पाइप लाइनों एवं अन्य भूमिगत सेवाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

टेंट/पंडाल स्थापना के दौरान पाईप अथवा खंबे लगाने के लिए की गई खुदाई से यदि नगरपालिका की जल प्रदाय पाइप लाइन अथवा नगरपालिका की अन्य संपत्ति क्षतिग्रस्त होती है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदारी संबंधित टेंट मालिक/संचालक की होगी। क्षतिग्रस्त जल प्रदाय पाइप लाइन अथवा नगरपालिका की अन्य संपत्ति की मरम्मत में होने वाला समस्त व्यय संबंधित टेंट मालिक/संचालक से वसूल किया जाएगा।

साथ ही, जल प्रदाय व्यवस्था बाधित होने से नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए भी संबंधित की जवाबदारी निर्धारित की जाएगी।

नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर ने सभी सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समितियों एवं टेंट संचालकों से अपील की है कि टेंट/पंडाल लगाने से पूर्व निकाय की जल प्रदाय शाखा के कर्मचारियों से भूमिगत जल प्रदाय पाइप लाइनों की स्थिति के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करें। इसके बाद ही निर्धारित स्थान पर आवश्यक खुदाई एवं अन्य कार्य करें तथा नगरपालिका की जल प्रदाय व्यवस्था एवं अन्य भूमिगत सेवाओं को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं।