राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 30 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत मढ़ईकला, तहसील कुंडम के शासकीय हाईस्कूल में मेगा अवेयरनेस एंड आउटरीच कैंप/ड्राइव के अंतर्गत वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ पात्र लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। शिविर से पूर्व ग्राम पंचायत क्षेत्र के सभी परिवारों का सर्वे कर उनकी विधिक समस्याओं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की पात्रता संबंधी जानकारी एकत्र की गई।
जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं और अधिकारों की जानकारी दी गई। शिविर में चिन्हित 98 पात्र व्यक्तियों के आधार कार्ड तैयार कराने एवं अपडेट कराने में सहायता की गई, जबकि लगभग 265 लोगों को विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश श्रीमती शक्ति वर्मा, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बी.डी. दीक्षित, पूर्व जिला न्यायाधीश एवं वरिष्ठ मध्यस्थ श्री एस.एन. खरे, मंगलायतन विश्वविद्यालय जबलपुर के प्रोफेसर श्री प्रदीप तिवारी, डॉ. वर्तिका पाण्डेय सहित 30 विधि विद्यार्थी तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में जनपद पंचायत कुंडम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामीणजन भी शामिल हुए।




