सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना साईंखेड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र आमगांवछोटा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों, महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े विषय समाज के भविष्य से जुड़े हुए हैं। आंगनवाड़ी केंद्र इन प्रयासों की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जहां बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक विकास के साथ महिलाओं एवं परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान, बच्चों का पोषण और महिलाओं का सशक्तिकरण एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा समाज की सहभागिता से इन योजनाओं को प्रभावी बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मंत्री श्री सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे गांव-गांव में शासन की योजनाओं को पहुंचाने और महिलाओं एवं बच्चों से सीधे जुड़कर सेवा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के साथ उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोषित एवं शिक्षित बालिकाएं तथा आत्मनिर्भर महिलाएं ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं, इसलिए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला एवं बालिका तक पहुंचाया जा रहा है।
लाड़ली बालिकाओं को प्रमाण-पत्र एवं बच्चों को पोषण किट वितरित
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सिंह एवं अन्य अतिथियों ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत लाड़ली बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदान की गई। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी ली तथा अन्य पात्र परिवारों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कन्या पूजन एवं पौधारोपण से दिया सामाजिक संदेश
कार्यक्रम में कन्या पूजन एवं पौधारोपण की गतिविधियां भी आयोजित की गईं। अतिथियों द्वारा कन्याओं का पूजन कर उनका सम्मान किया गया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही दो बालिकाओं के जन्म के पश्चात परिवार नियोजन अपनाने वाले परिवारों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से बालिका सम्मान, परिवार नियोजन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं एवं हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभ की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा शासन की सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण तथा बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।
समुदाय की सहभागिता से मजबूत हो रहा आंगनवाड़ी तंत्र
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने, हितग्राहियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बेटी सम्मान, पोषण, पर्यावरण संरक्षण एवं परिवार कल्याण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ऋचा स्थापक व सुश्री अंजू शुक्ला, श्री मिनेंद्र डागा, श्रीमती निशा सोनी, श्रीमती स्मृति जैन, सुश्री दुर्गेश नंदिनी, श्रीमती बसंती पालीवाल, श्रीमती सुषमा साहू, श्री चंद्रकांत शर्मा, श्री राजेश पटेल, श्री सुरेश मामुलिया, ठाकुर राजीव सिंह, श्री नंदकिशोर ठाकुर, श्री राजकुमार गुर्जर, श्री यशवंत पटेल, श्री मनोज दुबे, श्री राजेश पटेल, श्री राहुल कौरव, श्रीमती सुषमा साहू, श्री सुरेंद्र पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्रीमती प्रगति वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राधेश्याम वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी साईंखेड़ा श्री विशाल सोनी, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षकगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, लाड़ली बहनें, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



