सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड गोटेगांव के चिरचिटा जलाशय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्ति का संदेश दिया गया। वहीं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर नयाखेड़ा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर बचई एवं कमोद में योग एवं ध्यान की गतिविधियां आयोजित की गईं।

चिरचिटा जलाशय में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

चिरचिटा जलाशय परिसर में विकासखंड प्रभारी श्री ऋषि ओम तिवारी के नेतृत्व में साफ-सफाई का कार्य कराया गया। अभियान के दौरान जलाशय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की गई। स्वच्छता अभियान में समिति के 25 सदस्यों ने सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। अभियान का उद्देश्य जलस्रोतों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

नुक्कड़ नाटक से युवाओं को किया नशामुक्ति के लिए जागरूक

शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। ऋतु रंगशाला आर्ट, कल्चर एंड वेलफेयर सोसायटी, नरसिंहपुर के कलाकारों ने “ नशे से दूर रहें युवा ” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय एवं संवादों के माध्यम से बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर नयाखेड़ा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर बचई एवं कमोद में योग एवं ध्यान की गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों एवं प्रतिभागियों को नियमित योग एवं ध्यान के महत्व की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं ध्यान की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।