कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आने वाली असफलताओं से निराश होने के बजाय अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहें और निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ें। शासन विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए अनेक सुविधाएं और योजनाएं संचालित कर रही है। इन सुविधाओं का लाभ लेकर विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई, प्रतिभा और भविष्य निर्माण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
यह बात कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर में आयोजित मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित कर सम्मानित किया गया।
साथ ही जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभागियों तथा संभागीय तैराकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता एवं स्कूल शिक्षा जिला मॉनिटरिंग समिति के सदस्य श्री अमितेंद्र नारोलिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
विद्यार्थियों की शिक्षा में दूरी बाधा न बने
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले के कई गांवों में परिवहन एवं आवागमन की सुविधा सहज नहीं होने के कारण पहले विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। शासन ने विद्यार्थियों की पढ़ाई निरंतर जारी रखने और उनके आवागमन को सुगम बनाने के लिए कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल तथा मेधावी विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश लेने पर मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत नि:शुल्क स्कूटी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य यही है कि स्कूल या कॉलेज की दूरी बच्चों की पढ़ाई में बाधा न बने। शासन विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। नरसिंहपुर में सांदीपनि विद्यालय भी विद्यार्थियों की शिक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सुव्यवस्थित रूप से बनाया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ लेकर वे पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ें। सरकार बच्चों की शिक्षा की चिंता कर रही है, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
असफलता को चुनौती मानकर आगे बढ़ें
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में किसी भी प्रकार की परेशानी या तनाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए परिस्थितियों से भागने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए। यदि किसी प्रयास में सफलता नहीं मिलती है तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। सफलता प्राप्त करने के लिए दूसरा रास्ता तलाशकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत और प्रयास जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी तुलना दूसरों से नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपनी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें निखारना चाहिए। जीवन में सफलता के साथ संतुष्टि और समाज के लिए उपयोगी योगदान भी महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। वे आगे चलकर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए सही दिशा निर्धारित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, अपनी प्रतिभा को निखारने और अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमें यह सोचकर पीछे नहीं हटना चाहिए कि कोई कार्य सरकार या किसी अन्य व्यक्ति का है। जिस कार्य को करने में हम सक्षम हैं, उसमें अपना योगदान जरूर देना चाहिए और समाज की कुरीतियों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए।
सेवा संकल्प अभियान में चित्रों के माध्यम से दिखाई विकसित भारत की सोच
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में हो रहे विकास तथा नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यों को समझने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत और नागरिक कल्याण से जुड़ी अपनी सोच को सुंदर एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों की सीखने और समझने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी प्रकार अपनी रचनात्मक सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए वाहन चलाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस के स्कूटी नहीं चलाएं और अपना लर्निंग लाइसेंस जरूर बनवाएं। स्कूटी चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी इस बार सफल नहीं हुए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। वे अभी से मेहनत और लगन के साथ तैयारी करें, ताकि आगे चलकर वे भी सफलता प्राप्त कर सकें।
छह मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी
वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम के साथ उत्तीर्ण होने वाले छह मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत स्कूटी प्रदान की गई। इनमें तेजस्वी विश्वकर्मा एवं इंद्रपाल विश्वकर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमना, कीरत सेन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंहपुरबड़ा, स्पर्श विश्वकर्मा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर, स्नेहा साहू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या एमएलबी नरसिंहपुर तथा हेमंत रजक शासकीय नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर शामिल हैं।
चित्रकला की पांच प्रतिभाओं का सम्मान
जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट चित्रकला एवं पोस्टर के लिए चयनित पांच प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं उनके चित्र की प्रतिकृति प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें परी गौतम कक्षा 7वीं केआरवी इंग्लिश स्कूल करेली- ऑपरेशन सिंदूर, मुस्कान चौधरी कक्षा 12वीं एमएलबी स्कूल नरसिंहपुर- विकसित भारत, प्रियंका मेहरा कक्षा 12वीं सांदीपनी स्कूल नरसिंहपुर- सांदीपनी स्कूल, काव्या नागरिया कक्षा 9वीं राव रुक्मणी देवी पब्लिक स्कूल लोलरी राजमार्ग चावरपाठा- लखपति दीदी तथा आयुषी अहिरवार कक्षा 12वीं गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल साईंखेड़ा- चंद्रयान विषय पर उत्कृष्ट चित्र बनाने वाली प्रतिभागी शामिल हैं।
पार्वती और लक्ष्मी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
संभागीय तैराकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली एमएलबी शासकीय विद्यालय की छात्राएं पार्वती मल्लाह एवं लक्ष्मी मल्लाह का चयन राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने दोनों छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। छात्राओं ने मध्यप्रदेश तैराकी संघ की एक्जीक्यूटिव मेंबर एवं जिला तैराकी संघ की सचिव डॉ. अंजीता वर्मा के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश शर्मा, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप द्विवेदी, प्राचार्य श्रीमती गायत्री सोनी, सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी श्री विक्रम शर्मा, चित्रकला प्रदर्शनी प्रभारी श्रीमती सीमा दीक्षित, श्रीमती शुभावना पांडे, छात्र-छात्राएं शाला परिवार एवं अभिभावक मौजूद थे।




