उज्जैन,29 सितम्बर। मध्यप्रदेश शासन के अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, उज्जैन में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए अतिथि व्याख्याताओं के चयन एवं पैनल गठन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

केन्द्र में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य प्रशासनिक सेवा की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षाओं तथा बैंकिंग, बीमा, रेलवे, एसएससी और मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के विषयों का अध्यापन कराया जाना है। इसके लिए इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, लोक प्रशासन, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, विज्ञान, तकनीकी, कंप्यूटर, गणित, पर्यावरण विज्ञान, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, प्रबंधन, हिंदी, अंग्रेजी और रीजनिंग सहित अन्य विषयों के योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं।

खास बातें

  • अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
  • इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, उज्जैन के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं

आवेदन करने के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त अभ्यर्थी पात्र होंगे। इसके अलावा ऐसे प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में संकाय सदस्य के रूप में कार्य कर चुके अनुभवी अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जहां से प्रशिक्षणार्थियों का विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हुआ हो।

इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक अभिलेख, अनुभव प्रमाण-पत्र, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों की प्रमाणित सूची तथा अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियों के साथ 7 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, उज्जैन में डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। चयन के बाद आवश्यकता के अनुसार आमंत्रित अतिथि व्याख्याताओं को प्रति कालखंड के आधार पर नियमानुसार मानदेय का भुगतान किया जाएगा।

अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, उज्जैन के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं