राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिले में "सेवा मेरा योगदान" एवं "सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत विभिन्न जनहितैषी गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं शासकीय विद्यालयों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, स्वच्छता शपथ, प्लास्टिक मुक्त भारत के लिए जनजागरूकता तथा स्वच्छता कर्मियों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सालीचौका में श्रमदान, प्लास्टिक मुक्त भारत और पौधरोपण का संदेश
नगर परिषद सालीचौका में नगर परिषद अध्यक्ष श्री राकेश (कैलाश) सिलावट के निर्देशन में सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ समाजसेवियों ने नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इसके बाद अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्य बाजार का भ्रमण कर दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा कपड़े के थैले का उपयोग करने की अपील की।
खास बातें
- नगर परिषद सालीचौका में नगर परिषद अध्यक्ष श्री राकेश (कैलाश) सिलावट के निर्देशन में सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया।
- नगर के वार्ड क्रमांक 11 एवं 12 स्थित मुक्तिधाम एवं पार्क में पौधरोपण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
- उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 एनसीसी कैडेट्स को मेडल प्रदान किए गए।
दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने और निकाय के कचरा संग्रहण वाहनों में ही कचरा डालने के लिए प्रेरित किया गया। नगर के वार्ड क्रमांक 11 एवं 12 स्थित मुक्तिधाम एवं पार्क में पौधरोपण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में श्री रामनारायण बढकुर, पार्षद श्रीमती किरण मेहरा, श्री राजेश पटेल, श्री हक्केलाल, श्री दुर्गा प्रसाद पटेल, श्री सुरेश मामुलिया, एल्डरमेन श्री भैरव प्रसाद मेहरा, श्री राजेंद्र पटेल, श्री राजेन्द्र विश्वकर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती भवानी शर्मा सहित नगर परिषद के कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गाडरवारा में तालाब परिसर में श्रमदान एवं पौधरोपण
नगर पालिका परिषद गाडरवारा द्वारा तालाब परिसर में श्रमदान, साफ-सफाई एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की। सभी ने नगर को स्वच्छ रखने की शपथ ली। इस दौरान नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नागरिकों को कपड़े की थैलियों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता अभियान, स्वच्छता कर्मियों का सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। एकीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह आयुष औषधालय आमगांव बड़ा एवं चीचली में परिसर की साफ-सफाई की गई। आमगांव बड़ा में स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों का जिला पंचायत सदस्य द्वारा सम्मान किया गया। इसी क्रम में शासकीय आयुष औषधालय पाठा पिपरिया में भी स्वच्छता अभियान आयोजित कर स्वास्थ्य संस्था परिसर की साफ-सफाई की गई। उपस्थित लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
शासकीय विद्यालयों में स्वच्छता, श्रमदान और पौधरोपण के साथ सफाई कर्मियों का सम्मान
इस अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में संस्था प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव एवं डॉ. अशोक कुमार उदेनिया के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन तथा महात्मा गांधी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश शर्मा एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी श्री विक्रम शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी की आत्मकथा पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं जिला नोडल अधिकारी श्री विक्रम शर्मा ने स्वतंत्रता, विचारों की व्यापकता एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय में समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले स्वच्छता कर्मचारियों श्रीमती दुर्गा रैकवार, श्री राकेश सैनी, श्री यज्ञनारायण चौधरी, श्री रोहित कश्यप, श्री रोहन कश्यप एवं श्री दशरथ मेहरा को अतिथियों द्वारा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद अतिथियों, विद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा पौधरोपण किया।
विभिन्न विद्यालयों में सफाई कर्मियों का सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में स्वच्छता कार्य में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया। पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुरमें सफाई कर्मी का सम्मान किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुरमें स्वच्छता सेवक श्री जूली कोरी का विद्यालय स्टाफ द्वारा सम्मान किया गया। सांदीपनि विद्यालय गोटेगांव में भी सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।
सांदीपनि विद्यालय गोटेगांव में एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान चलाया गया। कैडेट्स ने कपड़े एवं पेपर बैग की प्रदर्शनी लगाई तथा दुकानों एवं सब्जी मंडी में लोगों को बैग वितरित कर सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 एनसीसी कैडेट्स को मेडल प्रदान किए गए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुर में विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं पोस्टर के माध्यम से पॉलीथिन मुक्त भारत का संदेश दिया।
इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर, शासकीय हाई स्कूल बैरागढ़, ठेमी, सिरेगांव, देवनगर पुराना, झाझनखेड़ा, नयाखेड़ा बासादेही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुराछ, पीएम श्री खमरिया झांसीघाट गोटेगांव एवं इंदिरा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल गोटेगांवसहित जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर स्वच्छता शपथ, सफाई अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
ग्राम बंधी एवं पाला में जल संरक्षण का संदेश
विकासखंड नरसिंहपुर के ग्राम बंधी में जल अर्पण उत्सव एवं नल-जल योजना हस्तांतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा ग्राम को हर घर जल सर्टिफाइड किया गया। ग्राम पंचायत पाला में भी जल अर्पण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने जल का सदुपयोग करने, पानी व्यर्थ न बहाने तथा अन्य लोगों को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में बच्चों ने जाना गांधी जी का संदेश
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ संगठन द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास में गांधी जयंती सादगी एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी श्री उमंग कुमार जैन के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में आयोजित हुआ। महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के बाद छात्रावास के बच्चों के लिए चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
बच्चों ने चित्रों एवं प्रेरक नारों के माध्यम से गांधी जी के विचारों और संदेशों को अभिव्यक्त किया। जिला युवा अधिकारी श्री उमंग कुमार जैन ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, आत्मनिर्भरता एवं सेवाभाव के विचार आज भी युवाओं को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता करने तथा ‘माय भारत’ के विभिन्न अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
सहायक वार्डन श्री श्यामलाल खडेतिया ने गांधी जी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की बात कही। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को ‘माय भारत’ पोर्टल की जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्रावास वार्डन श्री आशीष नामदेव, सहायक वार्डन श्री श्यामलाल खडेतिया, श्री रामजी मेहरा एवं श्री सुदीप ठाकुर सहित छात्रावास के बच्चे उपस्थित रहे।
जिलेभर में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया।




