उज्जैन, 16 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को शाम 7 बजे उज्जैन में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में है। दीपोत्सव के दौरान शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों एवं श्री महाकाल महालोक कॉरिडोर क्षेत्र में जनभागीदारी से एक साथ 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बुधवार को कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने रामघाट एवं दत्त अखाड़ा घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नेहा जैन भी मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने बुधवार को रामघाट के समीप राणोजी की छतरी के नीचे दीपोत्सव के समय उपस्थित रहने वाले अतिथियों के लिए तैयार किए जा रहे मंच का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राणोजी की छतरी के सामने दत्त अखाड़ा घाट क्षेत्र में भी अतिथियों के लिए मंच तैयार करने के निर्देश दिए।

साथ ही रामघाट क्षेत्र में स्थित बड़े भवनों पर भी दीप सजाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दीपोत्सव के दौरान संपूर्ण क्षेत्र आकर्षक एवं भव्य स्वरूप में दिखाई दे। कलेक्टर श्री सिंह ने नदी के विभिन्न घाटों पर रोशनी करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

दीपोत्सव के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए बुधवार को दत्त अखाड़ा घाट पर अधिकारियों, सेक्टर अधिकारी, सब सेक्टर अधिकारी, सुपरवाइजर एवं वॉलिंटियर्स की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान ब्लॉक में व्यवस्थित किए गए दीपों में तेल डालने, कपूर एवं बत्ती लगाने से लेकर दीप प्रज्वलित करने तक की प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने का अभ्यास किया गया।

इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार सभी सुपरवाइजर एवं वॉलिंटियर्स को दीप प्रज्वलन के दौरान अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं, समयबद्ध कार्य प्रणाली एवं समन्वय के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। पूर्वाभ्यास के दौरान सीईओ श्रीमती नेहा जैन, अपर आयुक्त श्री संतोष टेगौर, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक, उप मेला अधिकारी श्री संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इन घाटों पर एक साथ रोशन होंगे लाखों दीप

17 सितंबर को आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के दीपोत्सव में जनभागीदारी से शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों एवं श्री महाकाल महालोक कॉरिडोर क्षेत्र में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की रोशनी से शिप्रा तट का विस्तृत क्षेत्र आध्यात्मिक, भव्य एवं आकषज़्क स्वरूप में जगमगाएगा।

दीपोत्सव के दौरान केदारेश्वर घाट से दत्त अखाड़ा होते हुए गुरु नानक घाट तक, सुनहरी घाट से रामघाट होते हुए नरसिंह घाट ब्रिज तक, नरसिंह घाट ब्रिज से कर्कराज मंदिर तक, माली कैफे से भूखी माता तक, भूखी माता से लालपुल तक, लालपुल से गऊघाट तक तथा कर्कराज मंदिर से लालपुल तक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही श्री महाकाल महालोक क्षेत्र भी दीपों से आलोकित होगा।

दीपोत्सव के लिए शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों एवं महाकाल महालोक क्षेत्र में लगभग 11 हजार दीप ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में 225 दीप लगाए जाएंगे। दीप प्रज्वलन की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर दो-दो वॉलिंटियर्स की तैनाती की जा रही है। इस प्रकार लगभग 25 हजार वॉलिंटियर्स जनभागीदारी के माध्यम से दीपोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करेंगे