बालाघाट जिले के बैहर एवं बिरसा क्षेत्र के 57 ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजल्स, स्कैबीज और मलेरिया जैसी बीमारियों से प्रभावित मरीजों की लगातार जांच और उपचार किया जा रहा है।27 सितंबर तक अभियान के दौरान कुल 45,223 मरीजों की जांच की गई।
इनमें सर्दी-खांसी एवं बुखार के 5,726, मलेरिया के 1052, दाने के साथ बुखार के 452 तथा चर्मरोग के 255 मरीज चिन्हित हुए। इस प्रकार कुल 7,485 मरीजों की पहचान की गई। चिन्हित मरीजों में से 6,803 का घर पर उपचार किया गया, जबकि 682 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया गया। उपचार के बाद 647 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 35 मरीजों का उपचार जारी है।
27 सितंबर को 13 नए मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, वहीं उपचार के बाद स्वस्थ हुए 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा प्रभावित ग्रामों में लगातार जांच, उपचार और निगरानी की जा रही है। सर्वे के दौरान 1,338 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस और जिंक टैबलेट वितरित किए गए। वहीं 1,232 बच्चों को आयरन सिरप और 1,129 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां दी गईं।
अब तक 683 टीकाकरण सत्रों के माध्यम से 28,012 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी अभियान तेज किया गया है। आज 70 ग्रामों के 7,733 मकानों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया। वहीं 44 ग्रामों के 8,610 घरों में इनडोर एवं आउटडोर फॉगिंग कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए घर-घर सर्वे और उपचार की कार्रवाई कर रही हैं।



