विश्व रेबीज दिवस पर आज 28 सितंबर को आधारताल स्थित संभागीय पशु चिकित्सालय में पालतू एवं आवारा पशुओं को एंटी रेबीज का टीका लगाने शिविर का आयोजन किया गया।
रेबीज जैसी घातक बीमारी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और क्षेत्र को रेबीज मुक्त बनाने के प्रयासों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 72 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं टीकाकरण किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पालतू कुत्तों और बिल्लियों को लेकर पहुंचे। क्षेत्र के आवारा कुत्तों का भी सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से टीकाकरण किया गया। पशु चिकित्सकों ने नागरिकों को रेबीज के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर एंटी रेबीज टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी।
शिविर में पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ जे पी शिव एवं उप संचालक डॉ ज्योति तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। चिकित्सकों की टीम ने पशुओं की जांच कर पशुपालकों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी।




