ग्राम बिलवानी के काग परिवार में श्री विकास काग के यहंा 27 फरवरी 2025 को एक बच्ची ने जन्म लिया। परिवार में आई इस नन्ही बिटिया के जन्म की सभी ने खूब खुशियां मनाई। परन्तु उनकी बिटिया कुमारी सानविका काग आये दिन बीमार रहती बार-बार बुखार आता सर्दी, खांसी होती। बच्ची को समय-समय पर डाक्टर्स को भी दिखाया परन्तु बच्ची स्वस्थ्य नही हुई।

फिर एक दिन बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुर में आरबीएसके डॉ. जावेद मंसूरी को दिखाया। डॉ. जावेद मंसूरी ने इको थैरेपी के माध्यम से जांचकर बताया कि सानविका के हृदय में छेद है, इसके कारण इसका आपरेशन करना होगा। उन्होने सानविका को जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र ले जाने की सलाह दी।

उस समय सानविका की उम्र मात्र 1 वर्ष 4 माह थी, इतनी छोटी बच्ची की बीमारी के बारे में पता लगने पर परिवारजन डरे सहमें सानविका को जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र लेकर आये। यहां पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए सानविका की बीमारी के संबंध में उपचार हेतु उसे राजश्री अपोलो हास्पिटल इन्दौर भेजा गया।

11 अगस्त 2026 को सानविका का राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना में हृदय में छेद का सफल आपरेशन हुआ। आज सानविका पूरी तरह से स्वस्थ्य है, सानविका के चेहरे की मुस्कान देखकर उसके परिजन देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जरूरतमंदों के उपचार हेतु योजना संचालित करने के लिए धन्यवाद देते है।