युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत नरसिंहपुर द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं एक अक्टूबर को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) नरसिंहपुर के ऑडिटोरियम हॉल में प्रातः 10 बजे से आयोजित होंगी।

8 विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 8 विधाओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें लोक संगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण, लघु फिल्म/रील, नारा लेखन तथा स्लैम पोएट्री शामिल हैं। लोक संगीत में नशा मुक्ति विषय पर क्षेत्रीय वाद्ययंत्रों एवं पारंपरिक शैली में समूह गायन किया जाएगा। नृत्य प्रतियोगिता में शास्त्रीय, लोक अथवा समकालीन शैली में समूह प्रस्तुति होगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव एवं पुनर्वास का संदेश दिया जाएगा। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागी नशा मुक्त भारत की कल्पना को अपनी कलाकृति के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।

वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता में नशा मुक्त भारत निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा साथी दबाव बनाम व्यक्तिगत चयन जैसे विषयों पर प्रतिभागी अपने विचार रखेंगे। लघु फिल्म/रील प्रतियोगिता में 60 सेकंड की डिजिटल प्रस्तुति, जबकि नारा लेखन में प्रभावशाली नशा मुक्ति संदेशों का सृजन किया जाएगा। स्लैम पोएट्री में 3 से 5 मिनट की मौखिक प्रस्तुति के माध्यम से युवा नशे के विरुद्ध अपनी सोच एवं संदेश व्यक्त करेंगे।

तियोगिता में सहभागिता एवं अन्य जानकारी के लिए युवा वॉलिंटियर खुशी ढिमोले, मोबाइल 9669144267 तथा श्री कालूराम विश्वकर्मा, मोबाइल 8109864489 से संपर्क किया जा सकता है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति उनमें जागरूकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करना है। जिला युवा अधिकारी श्री उमंग जैन ने जिले के युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे से नहीं, नए भारत से जुड़ें के संकल्प के साथ युवा नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।